कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
चम्पावत। टनकपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने शारदा घाट पर स्नान किया। इस दौरान यूपी, बिहार, बरेली और पड़ोसी देश नेपाल से हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा-अर्चना कर अंखड रामायण पाठ का आनंद लिया। मंगलवार को गंगा स्नान के पावन पर्व पर शारदा घाट में श्रद्धालुओं की भारी-भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शारदा घाट पर तैराक पुलिस को तैनात किया गया। इस दौरान भक्तों ने सुबह चार बजे से ही शारदा नदी में स्नान करना शुरु किया। शारदा नदी में स्नान के बाद विधि-विधान से श्रद्धालुओं ने धूप, दीयों, फूलों से शारदा नदी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। देर शाम तक भी श्रद्धालु शारदा नदी में स्नान करते रहे। वहीं खेतखेड़ा में पीलीभीत से आए बाबा महंत ने श्रद्धालुओं को अंखड रामायण पाठ सुनाया। श्रद्धालुओं ने शारदा घाट पर चल रहे भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर अपने घरों को प्रस्थान किया।
