हरिद्वार में आज से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा
रुड़की। हरिद्वार में भारत जोड़ो यात्रा 14 नवंबर को शुरू होगी। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश में विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला बोलेंगे। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस महासचिव एवं यात्रा के रुड़की शहर प्रभारी पीके अग्रवाल ने बताया कि 14 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा का द्वितीय चरण शुरू होगा। इसी कड़ी में हरिद्वार जिले में यात्रा हरकी पैड़ी से प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में शुरू होगी और समापन 19 नवंबर को कलियर में होगा। इस दौरान जिले की प्रत्येक विधानसभा में यात्रा अलग-अलग दिनों में जाएगी। रुड़की शहर में 17 नवंबर को यात्रा पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। इस यात्रा का उद्देश प्रत्येक वर्ग के लोगों को एक साथ जोड़ना है। लोग भाजपा की नीतियां समझ चुके हैं। आज देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का काम इस यात्रा के माध्यम से किया जाएगा। रुड़की ग्रामीण के प्रभारी नवीन जोशी ने कहा कि अगर महात्मा गांधी के बाद अब कोई लंबी यात्रा चली है तो वह राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा है। जिसे लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। देश में अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। उत्तराखंड में माणा से शुरू हुई इस यात्रा के माध्यम प्रदेश के अलग-अलग मुद्दों को उठाया जा रहा है। कलियर विधायक फुरकान अहमद और भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने कहा कि प्रदेश में भर्ती घोटाला सबसे बड़ा घोटाला है। वहीं अंकिता हत्याकांड में आज तक सरकार ने वीआईपी का नाम उजागर नहीं किया है। वार्ता का संचालन प्रदेश महासचिव चौधरी राजेंद्र सिंह ने किया। वार्ता में कांग्रेस महासचिव सचिन गुप्ता, विकास त्यागी, महानगर अध्यक्ष कलीम खान, विकास त्यागी, मुकेश सैनी, आशीष सैनी, लवी त्यागी, विरेंद्र ठाकुर और नासिर परवेज आदि मौजूद रहे।
