हाईवे और सर्विस लेन पर अतिक्रमण करने पर 23 चालान

रुड़की। हाईवे और सर्विस लेन पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण पर पुलिस ने संज्ञान लिया है। जिसके बाद शहर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटाने की कवायद की है। इसके तहत दर्जनों लोगों के चालान काटे गए और हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूल किया है।
मंगलौर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे और उसके दोनों ओर बनी सर्विस लेन पर अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा है। रविवार को शहर चौकी प्रभारी अकरम अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टैंड से लेकर पुराने जैन स्तंभ तक दोनों तरफ कार्रवाई करते हुए 23 लोगों के चालान काटे। जिनसे 11,350 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। हालांकि कुछ अतिक्रमणकारियों की ओर से पुलिस पर राजनीतिक दबाव भी डलवाया गया। लेकिन पुलिस ने किसी भी दबाव को न मानते हुए अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और चालान किए। पुलिस ने बताया कि कुछ चालान कोर्ट में भेजे गए हैं।जहां से अतिक्रमण करने वालों को समन जारी होंगे। उसके बाद ही उन्हें जुर्माने की रकम अदा करनी पड़ेगी। पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *