रानीचौरी ने प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया
नई टिहरी। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विवि के कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी के वैज्ञानिकों ने कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से प्राकृतिक खेती का विस्तार परियोजना के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की मृदा वैज्ञानिक तथा परियोजना समन्वयक डा. शिखा ने प्राकृतिक खेती के चार सिद्धांतो बीजामृत, जीवामृत, आच्छादन व वापसा आदि के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की। साथ ही उन्होंने मृदा स्वास्थ्य तथा मृदा जांच की उपयोगिता के विषय में किसानों को अवगत कराया। पादप संरक्षण वैज्ञानिक डा. सचिन कुमार ने किसानों को प्राकृतिक विधि से अपने परिवेश में उपलब्ध पौधों व संसाधनों से पौधास्त्र तथा ब्रह्मास्त्र बनाने का प्रशिक्षण दिया। जिससे बिना किसी रसायन के प्रयोग के फसलों को कीटों तथा हानिकारक जीवाणुवों से बचाव किया जा सके, साथ ही उन्होंने किसानों को फसलों की बिमारियों के निदान हेतु प्राकृतिक उपाय भी बताये। डा. शिखा ने गाय के गोबर, गौमूत्र, चूना, बेसन, गुड़ इत्यादि से बहुत कम खर्च में बीजामृत एवं जीवामृत बनाने का प्रशिक्षण दिया। प्राकृतिक खेती के महत्वपूर्ण सिद्धांत आच्छादन का कृषि भूमि में पुवाल आदि सामग्रियों का इस्तेमाल कर प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डा. आलोक येवले ने किसानों को घनजीवामृत बनाने की विधि से अवगत करवाया। कम खर्च वाली प्राकृतिक खेती को अपनाने के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया। अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 के विषय में जानकारी साझा करते हुए मोटे अनाजों से होने वाले स्वास्थ लाभ के बारे में बताया एवं ग्रामीणों को इन अनाजों के उपभोग को लेकर जागरूक किया। वैज्ञानिक डा. अजय कुमार ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में चम्बा, नरेंद्रनगर व जाखड़ीधार विकासखंड के ग्राम मौण, नैल तल्ला, ढुंगली, स्वाति, नाला कंचनपुर आदि गांवों के लगभग 45 किसानों ने प्रशिक्षण लिया।
