अव्यवस्थाओं के बीच होगा तीर्थयात्रियों का स्वागत
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा शुरू होने में करीब दो हफ्ते का समय शेष रह गया है। लेकिन चारधाम यात्रा का प्रवेशद्वार ऋषिकेश अतिक्रमण के मकड़जाल में फंसा है। दुकानों से बाहर मुख्य मार्गों को सामान से घेरने, ठेली-रेहड़ी वालों का कब्जा और जहां-तहां अवैध पार्किंग से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। पुलिस प्रशासन उदासीन बना है। हालात न सुधरे तो चारधाम के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों का स्वागत अव्यवस्था के बीच होगा। चार दिन पहले अतिक्रमण के मामले में नींद से जागे तहसील और नगर निगम प्रशासन ने हरिद्वार रोड पर घाट चौक से कोयलघाटी तिराहे तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। लेकिन महज औपचारिकता के चलते असर नहीं पड़ा। टीम के जाते ही स्थिति जस की तस हो गई। कार्रवाई को चार दिन हो गए, अभी तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की जहमत नहीं उठाई गई। प्रशासन की उदासीनता के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार को त्रिवेणीघाट रोड, हरिद्वार रोड पर दुकानों से बाहर सड़क पर सामान सजाने से ट्रैफिक व्यवस्था लड़खड़ाती रही। वहीं, हरिद्वार रोड पर पीडब्ल्यूडी तिराहा से चंद्रभागा पुल तक ई-रिक्शा, ऑटो की अनाधिकृत पार्किंग ने ट्रैफिक की व्यवस्था पूरी तरह से बिगाड़ दी। इस अव्यवस्था से चारधाम यात्रा के दौरान मुश्किलें बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पुलिस और नगर निगम को अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया है। यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्था चाक चौबंद कर दी जाएगी। – सौरभ असवाल, एसडीएम ऋषिकेश
