एक व दो मई को होगी डॉ.निशंक के रचना संसार पर मंथन हेतु ऋषिकेश में संगोष्ठी
देहरादून। साहित्यकार व हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के रचना संसार पर मंथन के लिए एक व दो मई को दो दिनी अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन आश्रम में किया जाएगा। प्रेस क्लब में आयोजक हिमालय विरासत न्यास अध्यक्ष आश्ना नेगी, डॉ.सुप्रिया रतूड़ी व बालकृष्ण चमोली ने बताया कि इसका उदघाटन राज्यपाल लेज.(अप्र.)गुरमीत सिंह करेंगे। संगोष्ठी में देश विदेश से कई लेखक, साहित्यकार, शिक्षाविद हिस्सा लेंगे। रविवायीय पुस्तक वार्ता बेबिनार संरक्षक साहित्यकार डॉ.योगेन्द्र नाथ शर्मा अरुण ने बताया कि हिमालय विरासत न्यास 16 फरवरी 2021 से प्रत्येक रविवार को शाम चार से पांच बजे तक ऑनलाइन वेबीनार कर रहा है। एक ही साहित्यकार के साहित्य पर सबसे बड़ी वेबिनार चर्चा के लिए डॉ.निशंक का नाम 50 श्रृंखलाएं पूरी होने पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड व 75 श्रृंखलाएं होने पर हॉवर्ड वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज है। आगामी 30 अप्रैल को यह वेबीनार 108 श्रृंखलाएं पूरी कर रहा है। इसी मौके पर यह संगोष्ठी हो रही है। संगोष्ठी में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विवि के कुलपति प्रो.रजनीश शुक्ल, अश्वनी गांवकर(नीदरलैंड), डॉ.रशिम खुराना(लंदन), पूर्वाचंल विवि की कुलपति प्रो.निर्मला मौर्य, जूना पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष चिंदानंद मुनि शामिल होंगे।
