अग्निवीर भर्ती की तैयारियों पर डीएम ने मांगी रिपोर्ट
पौड़ी। सितंबर में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती की तैयारियों को लेकर पौड़ी के डीएम ने बैठक कर संबंधित अफसरों इस भर्ती के दौरान युवाओं के लिए सुविधाओं पर केंद्रित व्यापक प्लान एक हफ्ते में देने को कहा है। इस भर्ती को लेकर आयोजित पहली बैठक में डीएम डॉ आशीष चौहान ने एसडीएम लैंसडौंन और सेवायोजन विभाग के अफसरों को निर्देश दिए कि सैन्य अफसरों के साथ वार्ता करते हुए एक संयुक्त बैठक की जाए ताकि भर्ती के दौरान युवाओं के लिए की जाने वाली सुविधिाओं को लेकर तैयारियों में किसी तरह की कमी न हो और पूरी स्थति भी साफ हो सके। अग्निवीर भर्ती योजना से जुडे़ मुख्य विभागों पुलिस, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, लोनिवि, पेजयल, विद्युत, एनआईसी, नगर निगम कोटद्वार, सेवायोजन को निर्देश दिए गए कि भर्ती को सफलतापूर्वक आयोजित कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्लान तैयार कर सात दिन के अंदर रिपोर्ट दे दी जाए। पुलिस विभाग को सुरक्षा, नौकरी के नाम पर ठगी और दलाली करने वालों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई के साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कहा गया। इसी तरह से आरटीओ को पर्याप्त वाहन टैक्सी-मैक्सी कैब उपलब्ध रखने और शिक्षा विभाग को शिक्षकों का प्रशिक्षण व तैनाती को लेकर तैयारी करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सभी जीवन रक्षक दवाओं तो लोनिवि को सभी बैरिकेडिंग, पेयजल विभाग को टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। डीएम ने कहा कि इस भर्ती में शामिल होने वाले कुछ युवा ऐसे भी होंगे जो पहली बार किसी परीक्षा में शामिल हो रहे हो और आधे-अधूरे दस्तावेजों के साथ उपस्थित होते हैं। सूचना विभाग को निर्देश दिए गए कि भर्ती स्थल पर संचार व्यवस्था के साथ-साथ फाटो कॉपी मशीन, ए-4 साइज पेपर, रिम, कलर पासर्पोट साईज फोटो के लिए कलर प्रिंटर आदि की व्यवस्था की जाए ताकि भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को अनावश्यक भाग-दौड़ न करनी पड़े। इस बैठक में एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे, सीईओ डॉ आनंद भारद्वाज, सेवायोजन अधिकारी उत्तम कुमार, जिला खाद्य अभिहीत अधिकारी अजब सिंह रावत, सीएफओ आरएस खाती, एडीआईओ सुनील तोमर, नगर निगम कोटद्वार अजहर अली के साथ ही ऑन लाइन एसडीएम कोटद्वार प्रमोद कुमार और सीओ वैभव सैनी भी जुड़े।
