चारुबेटा स्कूल में मनाया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
रुद्रपुर
उप जिला चिकित्सालय द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम बी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर नौगवांठग्गू द्वारा राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज चारुबेटा में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस दौरान किशोर-किशोरियों के साथ एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। टीम बी की महिला चिकित्साधिकारी डॉ. शैलजा त्रिपाठी ने मानसिक स्वास्थ्य दिवस के बारे में जानकारी दी। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर नौगवांठग्गू की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कविता बिष्ट ने वर्ष 2023 वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे की थीम मेंटल हेल्थ इज ए यूनिवर्सल ह्यूमन राइट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। आरबीएसके चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि इस दिन को मनाने का मुख्य कारण लोगों को अवेयर करना है। इस दौरान नर्सिंग अधिकारी निर्मला धामी, प्रधानाचार्य हरिओम पाल, जयवर्धन कुमार आदि उपस्थित रहे।
