पथरी में बुखार से युवक की मौत
हरिद्वार
पथरी क्षेत्र के गांव नसिरपुरकला में बुखार से युवक की मौत के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान गुलनाज अंसारी ने बताया कांग्रेस नेता इरशाद अली के कार चालक नवाब निवासी नसिरपुर कला की मौत बुखार के चलते निजी अस्पताल में हुई है। उन्होंने बताया कि गांव में अन्य कई लोग बुखार से पीड़ित हैं, जिनका निजी अस्पताल और घरों में ही उपचार चल रहा है। क्षेत्र में बुखार से कई मौत हो चुकी है बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर तो दूर टीम ने गांव का दौरा तक नहीं किया। प्रधान गुलनाज अंसारी का कहना है कि कई बार अधिकारियों को गांव में टीम भेजने व एक शिविर लगाने की मांग की गई, लेकिन स्थिति जस की तस है। बुखार से पीड़ित लोग निजी अस्पतालों में अपना उपचार कराने को मजबूर हैं। ग्रामीण सजिद अली, जाफिर, हारून, शहजाद, गुल शनव्वर, दिलशाद, राकेश, दीपक, मुनेश, राजबीर, रामकिशोर, सुनील ने बताया कि गांव में अधिकांश लोग बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग को गांव में शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करनी चाहिए।
