संत समाज ने महंत ईश्वर दास को किया नमन

हरिद्वार(आरएनएस)।  चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद ने कहा कि साकेतवासी महंत ईश्वर दास महाराज संत समाज के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि महंत विष्णु दास महाराज गुरुओं से प्राप्त ज्ञान और संत परंपराओं का अनुसरण करते हुए समाज का मार्गदर्शन करने के साथ धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में भी योगदान कर रहे हैं। साकेतवासी महंत ईश्वर दास महाराज की पुण्यतिथि पर सभी 13 अखाड़ों के संत महापुरुषों ने सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में उनके योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। आश्रम के महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि साकेतवासी दादा गुरु ईश्वर दास महाराज विद्वान संत थे। धर्म शास्त्रों का उनका ज्ञान विलक्षण था। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा का पालन करते हुए और पूज्य गुरुओं से मिले ज्ञान और शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए आश्रम की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाना ही उनका उद्देश्य है। बाबा हठयोगी ने कहा कि उछाली आश्रम की गुरु परंपरा अनुपम है। इस मौके पर कोठारी महंत राघवेंद्र दास, महंत जसविंदर सिंह, महंत गोविंद दास, स्वामी ऋषि रामकृष्ण, महंत धर्मदास, महंत राजेंद्र दास, महंत दुर्गादास, स्वामी नित्यानंद, महंत प्रमोद दास आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *