दंगल की कुश्तियां पहलवानों को नशे से दूर रखती हैं – राव आफाक अली

हरिद्वार

ग्राम गढ़मीरपुर में आबाद प्रधान द्वारा आयोजित भव्य दंगल कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर एवं जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव आफाक अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

नेपाल से आए लक्की थापा पहलवान ने दर्शकों को रोमांचित करते हुए राजस्थान के समशेर को हराकर कुश्ती में शानदार जीत हासिल की। दंगल का मुख्य संदेश रहा — “नशे से दूर रहें, खेलों को अपनाएं”, जिसे राव आफाक अली ने अपने संबोधन में जोरदार ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा, “दंगल की कुश्तियां पहलवानों को नशे से दूर रखती हैं और युवाओं को अनुशासन की राह पर लाती हैं।”

जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव आफाक अली ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सद्भावना बढ़ती है और बड़ा मनोरंजन होता है। जब पहलवान अपनी ताकत और हुनर से आश्चर्यचकित कर देते हैं, जैसे पचास किलो का पहलवान अपने हुनर से 100 किलो के पहलवान को पटकनी देता है, तो दर्शकों में हर्ष और उल्लास होता है और वे तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का हौसला बढ़ाते हैं।

विधायक रवि बहादुर ने कुश्ती को भारतीय संस्कृति का गौरव बताते हुए कहा कि यह केवल खेल नहीं बल्कि बल, समर्पण और गुरु-शिष्य परंपरा का प्रतीक है।

दंगल में पंजाब के लाठी पहलवान, बुढ़ाना के शौकत, शेर-ए-पंजाब जग्गा, सहारनपुर के परवेज, जम्मू-कश्मीर बीएसएफ के जवान परवेज गनी समेत दर्जनों नामी पहलवानों ने दमदार कुश्तियां लड़कर दर्शकों की तालियां और इनाम बटोरे।

आयोजक आबाद प्रधान ने सभी गणमान्य अतिथियों का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। वहीं मास्टर दिलीप सिंह ने विजेता थापा पहलवान को ₹5100/- की धनराशि से सम्मानित किया।

हजारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने दंगल का भरपूर आनंद लिया और आयोजन की सराहना करते हुए आबाद प्रधान का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *