चोरी के मामले में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

विकासनगर।

कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अंबाडी स्थित माता रानी के मंदिर से नगदी, दानपात्र सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। रतनसिंह चौहान पुत्र देवी सिंह निवासी अंबाडी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया 21 जुलाई की रात को उनके मकान के परिसर में स्थित मंदिर में चोरों ने दानपात्र व उसमें रखी नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इस मामले में पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी खंगालने के साथ क्षेत्र में घूमने वाले संदिग्धों की तलाश की। जेल से छूटे आरोपियों की भी शिनाख्त की। शनिवार देर रात को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जलालिया बैरियर के समीप से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसके पास से चोरी की नगदी तीन हजार एक सौ पचास रुपये, एक चांदी का सिक्का व मंदिर से चोरी का दानपात्र बरामद हुआ। आारोपी की पहिचान हैदर उर्फ जग्गा पुत्र गुलजार निवासी अंबाडी के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि हाल में जेल से पैरोल पर छूटकर आया था। जिस पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आारोपी को गिरफ्तार कर चोरी का मुकदमा तरमीम कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस की टीम में चौकी प्रभारी डाकपत्थर हिमानी चौधरी, कांस्टेबल संदीप व रविंद्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *