संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग के 64वें सत्र में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी

नई दिल्ली/न्यूयॉर्क:
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग (सीएसओसीडी) के 64वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए न्यूयॉर्क का दौरा करेंगी।

संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ईसीओएसओसी) की एक कार्यात्मक समिति के रूप में सामाजिक विकास आयोग, सामाजिक समावेशन, समानता, सामाजिक न्याय तथा कल्याणकारी नीतियों से जुड़े मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। आयोग का वार्षिक सत्र सदस्य देशों को सामाजिक विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति की समीक्षा करने, अनुभव साझा करने और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान हेतु एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच प्रदान करता है।  इस 64वें सत्र में भारत की भागीदारी सामाजिक विकास से जुड़े बहुपक्षीय प्रयासों के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता और वैश्विक सामाजिक नीति प्राथमिकताओं पर रचनात्मक संवाद में सक्रिय सहभागिता को दर्शाती है। भारत समावेशी विकास, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और सामाजिक समानता के क्षेत्रों में अपने अनुभव और नीतिगत पहलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करेगा।  यह यात्रा सामाजिक विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों तथा अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद और सहयोग को सुदृढ़ करने का अवसर भी प्रदान करेगी। इससे वैश्विक स्तर पर सामाजिक विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका को और मजबूती मिलने की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *