बारात में छींटाकशी को लेकर मारपीट, छह लोगों पर मुकदमा

पथरी क्षेत्र के गांव धारीवाला में बारात के दौरान छींटाकशी को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। मामले में गुरुवार को पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव धारीवाला में आई बारात के दौरान बारातियों और गांव के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर भी चले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। गुरुवार को धारीवाला निवासी धर्मवीर पुत्र कालीराम की तहरीर पर पुलिस ने राजकुमार पुत्र प्रीतम, अंकुल पुत्र तेजूराम, हिमांशु पुत्र साधुराम, सचिन पुत्र नीरज निवासी ग्राम शिवगढ़ तथा अंकित पुत्र सोम और राजकुमार पुत्र जगवीर निवासी ग्राम धारीवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि सभी आरोपियों ने एकजुट होकर वादी और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान वादी की बेटी के सिर पर ईंट-पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *