ओडिशा में पीएम ग्राम सड़क योजना-IV का शुभारंभ करेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

भुवनेश्वर/रायगड़ा।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री  शिवराज सिंह चौहान 1 मई को ओडिशा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह रायगड़ा में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (PMGSY-IV) का शुभारंभ करेंगे और राज्य को बड़ी विकासात्मक सौगात प्रदान करेंगे।

रायगड़ा के आईएसीआर ग्राउंड, बरिजोला में आयोजित कार्यक्रम में 1,701.84 किलोमीटर लंबाई की 827 सड़क परियोजनाओं को 1,698.04 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ाने की घोषणा की जाएगी। इस पहल से राज्य की 898 बसावटों को पहली बार बारहमासी सड़क संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, अस्पताल, मंडियों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच सुदृढ़ होगी तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री  मोहन चरण माझी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री  शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री को PMGSY-IV स्वीकृति पत्र सौंपेंगे तथा उनके साथ मिलकर परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य के ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री  रबी नारायण नायक सहित जनप्रतिनिधि, केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। आयोजन को प्रधानमंत्री

नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार के साझा विकास संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ओडिशा पहले ही उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर चुका है। राज्य में योजना के विभिन्न चरणों के अंतर्गत अब तक 17,963 सड़कों (74,725 किमी) और 707 पुलों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें से 17,760 सड़कें (71,742 किमी) और 658 पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

विशेषज्ञों के अनुसार रायगड़ा में होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीण संपर्कता, आर्थिक गतिविधियों के विस्तार और दूरस्थ बसावटों के सशक्तिकरण की दिशा में अहम साबित होगा। PMGSY-IV के माध्यम से ओडिशा में ग्रामीण अवसंरचना विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *