यातायात नियम तोड़ने पर 186 चालकों के खिलाफ कार्रवाई, 12 वाहन सीज

अल्मोड़ा

जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। समस्त कोतवाली, थाना और यातायात प्रभारियों द्वारा चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान 186 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 12 वाहनों को सीज किया गया। धारानौला क्षेत्र में पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाकर बिना पुलिस सत्यापन के मजदूर रखने वाले ठेकेदार अनुज प्रताप सिंह निवासी राजीव कॉलोनी, सुभाषनगर उत्तर प्रदेश के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का नगद चालान किया। इसके अलावा क्षेत्र में बिना सत्यापन के रह रहे 12 बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई और सभी का मौके पर सत्यापन कराया गया। थाना लमगड़ा क्षेत्र के अंतर्गत चौकी प्रभारी मोरनौला नरेश कोहली की टीम ने सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे पांच व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत कार्रवाई की। वहीं थाना भतरोंजखान पुलिस ने दो कारों में लगी काली फिल्म मौके पर हटवाते हुए संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया। प्रभारी चौकी धारानौला आनंद बल्लभ कश्मीरा ने बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान छह बुलेट मोटरसाइकिलों में रेट्रो साइलेंसर लगे पाए। इसके अतिरिक्त चौकी प्रभारी मासी सतेंद्र यादव ने एक अन्य मोटरसाइकिल में भी रेट्रो साइलेंसर पाया। पुलिस ने सभी सात मोटरसाइकिलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया। इधर थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह ने थाना क्षेत्र में खतरनाक तरीके से रैश ड्राइविंग कर रहे एक वाहन को भी सीज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *