नशे से दूर रहें युवा, स्वस्थ समाज के निर्माण में निभाएं भूमिका: मदन कौशिक
संदीप चौहान
हरिद्वार
युवा संवाद एवं नशामुक्त जागरूकता अभियान के तहत रविवार को केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज, बहादराबाद में ‘एक जरा सी कोशिश’ संस्था की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरिद्वार सीएमओ डॉ. आरके सिंह के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्र-छात्राओं को देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही युवाओं से समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. हेमंत आर्य, दंत चिकित्सक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद ने पीपीटी एवं संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे और तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े विनोद कुमार एवं रोहित यादव ने भी विद्यार्थियों को नशे एवं तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।
‘एक जरा सी कोशिश’ एनजीओ की अध्यक्ष राखी सजवान ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए अपनी दिनचर्या और लाइफस्टाइल पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने और अपनी उपलब्धियों को स्वयं प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली से तनाव व अवसाद जैसी समस्याओं से निपटने में मदद मिल सकती है और युवा खुशहाल जीवन की ओर आगे बढ़ सकते हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में अनुराग दीपक, अभिषेक गौतम, अशोक कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
