सीएचसी बहादराबाद में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सेवा

हरिद्वार

बहादराबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू हो गई है। शुक्रवार को पहले दिन दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। इससे महिलाओं को राहत मिल गई है। अब क्षेत्र की महिलाओं को इस जांच के लिए जिला अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बहादराबाद और आसपास के गांवों की करीब एक लाख की आबादी को अब तक अल्ट्रासाउंड जांच के लिए कई किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को काफी राहत मिलेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने शुक्रवार को केंद्र में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराई।सीएमओ ने डॉ. राकेश को सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड जांच करने के निर्देश दिए हैं। पहले दिन डॉ. अंतिमा और डॉ. यशपाल तोमर की मौजूदगी में दो गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि केंद्र में जल्द ही सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और संस्थागत प्रसव को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *