50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों की होगी जांच
कानपुर।
50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों की जांच होगी। इसकी जांच के लिए डीएम आलोक तिवारी की ओर से कमेटी बनाई जाएगी। इसमें एक जिला स्तरीय अधिकारी के साथ ही अधिशासी अभियंता भी होंगे ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की बेहतर जांच हो सके।
सजारी में करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत के आसरा आवास बनाए गए हैं तो शारदा नगर क्रासिंग के पास पशुओं के उपचार को अत्याधुनिक सुविधाओं वाला अस्पताल बन रहा है इसके निर्माण में 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत है। ऐसे ही चौबेपुर के निगोह गांव में भी आयुर्वेदिक अस्पताल बन रहा है यह 50 बेड का अस्पताल है। यहां होम्योपैथिक,आयुर्वेदिक, यूनानी,नेचुरोपैथी से उपचार होगा। 50 लाख की लागत के 50 से अधिक कार्य यहां हो रहे हैं लेकिन इन कार्यों को मानक के अनुरूप किया गया है या नहीं अब इसकी जांच होगी। कुल 10 टीमें बनेंगी। इसकी तैयारी चल रही है जो बनकर तैयार हो चुके और निर्माणाधीन भवन को देखेगी और जांच कर रिपोर्ट देगी। यह रिपोर्ट सरकार को भी भेजी जाएगी। ताकि जिन कार्यों में कमियां हो उनमें जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई हो सके। इनमें से जो कार्य पूरे हो गए हैं उनका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराया जाना है। ऐसे में इन कार्यों की सूची अलग से बनेगी और उसे मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव कार्यालय को भेजा जाएगा। जांच में लोकार्पण वाले किसी कार्य मे कमी मिलेगी तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा।
