41 कौशल प्रशिक्षकों को मिला कौशलाचार्य पुरस्कार

नयी दिल्ली।

कौशल पारिस्थितिकी तंत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए 41 कौशल प्रशिक्षकों को कौशलाचार्य पुरस्कार 2021 से सम्मानिक किया गया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री और कौशल विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने इन सभी को सम्मानित किये। ये 41 प्रशिक्षक प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी), अप्रेंटिसशिप, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई), जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस) और उद्यमिता की स्किल इंडिया योजना की कई पहलों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से हैं।
इस अवसर पर श्री प्रधान ने कहा कि भारत को विश्व की कौशल राजधानी बनाने के हमारे प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने में हमारे कौशल प्रशिक्षकों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने आग्रह किया कि हमें कौशल को और अधिक आकांक्षी बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने रोजगार के लिए भविष्य में और सक्रियता से काम करने तथा भविष्य की कौशल मांग को समझने का आह्वान किया। श्री प्रधान ने प्रशिक्षकों को उन्नत करने के लिए नवीन तरीकों पर ध्यान केंद्रित करने और जमीनी स्तर पर कौशल विकास की योजना बनाने के लिए एक आमूल चूल (बॉटम-अप) दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।
श्री प्रधान ने कहा कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) ने शिक्षा और कौशल के अभिसरण (कन्वर्जेन्स) का आह्वान किया है और सरकार कौशल को अकादमिक समानता प्रदान करने तथा एक मजबूत एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नए व्यवसाय और कौशल मॉडल विकसित हो रहे हैं जो महामारी के बाद की दुनिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और कमाई के प्रतिमान के साथ-साथ हमें अपने युवाओं को सशक्त बनाने के इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *