पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथे दिन बढ़ोतरी

नईदिल्ली ।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के रिकार्ड स्तर पर बने रहने के बीच घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगी आग थमने का नाम ही नहीं ले रही है। रविवार को देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथे दिन 35-35 पैसे प्रति लीटर की बढोतरी की गयी। राजधानी दिल्ली मेंं आज पेट्रोल 35 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 105.84 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.57 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
इससे पहले सोमवार को लगातार सातवें दिन घरेलू स्तर पर पेट्रोल 30 पैसे प्रति लीटर और डीजल 35 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया था। उसके बाद दो दिनों तक शांति रही लेकिन उसके बाद से तेजी बनी हुयी है। बढ़़त के बाद मुंबई में पेट्रोल 111.77 रुपये और डीजल 102.52 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल सबसे महंगा 114.45 रुपये प्रति लीटर पर और डीजल 103.78 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। झारखंड की राजधानी राँची में पेट्रोल शतक लगाकर 100.25 रुपये प्रति लीटर और डीजल शतक लगाने की ओर बढ़ते हुये 99.80 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। अभी भी राँची में पेट्रोल अभी भी पूरे देश में सबसे सस्ता है।
अभी देश के अधिकांश प्रमुख बड़े शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो गयी है और देश के अधिकांश बड़े शहरों में डीजल भी शतक लगाने की ओर बढ़ रहा है। कुछ शहरों में डीजल 100 रुपये के पार पहुंच चुका है। इस महीने में अब तक 17 दिनों में से 14 दिनों में इन दोनों की कीमतों में बढोतरी हुयी है। इस महीने में अब तक पेट्रोल 4.20 रुपये प्रति लीटर और डीजल 4.70 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *