आचार संहिता से पहले धरातल पर शुरू हो जाएं प्रस्तावित विकास कार्य
देहरादून।
नगर निगम के विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्य आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू हो जाने चाहिए। इस बात का विशेष ख्याल रखें कि काम समय से पूरे हों और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो। मंगलवार दोपहर नगर निगम में आयोजित बैठक में विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों को मेयर सुनील उनियाल गामा ने यह निर्देश दिए। मेयर ने कहा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता कभी भी लागू हो सकती है। ऐसे में उन्होंने विकास कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। उनकी कार्यप्रगति की मॉनीटरिंग की जाए और समय-समय पर संबंधित अधिकारी रिपोर्ट देते रहें। उन्होंने कहा कि वार्डों में प्रस्तावित कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही समय से काम पूरा करने का विशेष ध्यान रखें। बैठक में नगर आयुक्त अभिषेक रूहेला, अधिशासी अभियंता अनुपम भटनागर, कर एवं राजस्व अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली, सहायक नगर अधिकारी एसपी जोशी आदि मौजूद थे।
स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारी होंगे सम्मानित-
स्वच्छता सर्वेक्षण में जिन अधिकारियों कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई है। उन्हें नगर निगम प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। मेयर ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही कहा कि अगले साल के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें।
