कार्मिकों का वेतन रोका जाना दुर्भाग्यपूर्ण: भैसोड़ा
अल्मोड़ा। सरकारी विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने पर महानिदेशक स्तर पर जून माह का वेतन रोके जाने से कार्मिकों को आर्थिक समस्या से जूझना पड़ रहा है। मिनिस्ट्रीयल आफीसर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने वेतन बहाली का आदेश जारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि विभाग की ओर से आनन फानन में लिए गए फैसले से एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल आफीसर्स एसोसिएशन जनपद अल्मोड़ा के सभी सदस्यों में गहरा रोष व्याप्त है। बच्चों की फीस, मकान किराया व अन्य ऋण जमा करने की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों द्वारा दिन-रात विभाग की सेवा में तत्पर हैं उसके बाद भी कार्मिकों का वेतन रोका जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
