चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर। पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर बाइक चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा जर्द कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। शुक्रवार को जावेद खान पुत्र मोहम्मद खान निवासी ग्राम कालसी ने सेलाकुई थाने में तहरीर देकर बताया कि वह एक कंपनी में नौकरी करता है। गुरुवार को उसने कंपनी परिसर के अंदर बाइक पार्क की थी, लेकिन शाम को जब ड्यूटी समाप्त होने के बाद देखा तो बाइक नहीं मिली। इस पर सेलाकुई पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस ने कंपनी परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साथ ही कंपनी से निकलने वाले रास्तों पर तलाशी अभियान चलाया। शुक्रवार देर रात पुलिस ने आरोपी को चोरी की बाइक के साथ सेलाकुई बाजार से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रेमपाल पुत्र लालराम निवासी ग्राम मरैना थाना पुवायां शाहजहांपुर यूपी के रूप में हुई।
आरोपी प्रेमपाल ने बताया कि वह सेलाकुई की एक कंपनी में श्रमिक है। वेतन से घर का खर्च नहीं चल रहा था, जिस पर उसने चोरी की योजना बनाकर बाइक को चुरा लिया। बताया कि वह बाइक को लेकर पांवटा हिमाचल बेचने जा रहा था, लेकिन पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया।
