पर्यावरण दिवस पर पौधे रोपकर चलाया जागरुकता अभियान
नई टिहरी। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के विभिन्न जगहों पर लोगों ने पौधरोपण करने के साथ ही पर्यावरण जागरुकता अभियान चलाया। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड भागीरथी पुरम में परियोजना महाप्रबंधक यूके सक्सेना ने परियोजना के अधिकारियों को विभिन्न प्रजाति के पौधें भेंट किया। उन्होंने कहा पर्यावरण दिवस के पश्चात मानसून आने के दौरान बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी परियोजना के कर्मचारियों द्वारा करीब एक हजार पौधों का रोपण किया जाऐगा। पर्यावरण दिवस पर गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। देवप्रयाग वन विभाग, नगर पालिका और पर्यावरण मित्रों ने रैली निकालकर लोगों से पर्यावरण को पॉलीथिन मुक्त रखने का संदेश दिया। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में नमामि गंगे परियोजना के तत्वावधान में पर्यावरण दिवस बीज संग्रहण, बीज रोपण और पौधरोपण किया गया। कौडिया रेंज के सिंवाली पातल सेक्शन के अंतर्गत तिखोन ग्राम सभा में वन दरोगा अजयपाल पंवार के नेतृत्व में कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर पौध रोपण कर पौधों को संरक्षित करने की शपथ भी ली।
