चोरों ने बनाया बंद घर को निशाना

विकासनगर। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया है। चोरों ने बंद घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुराकर ले गये। बंद घर के मालिक की तहरीर पर सहसपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सचिन कोटनाला पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी टिकरी पोस्ट बडवा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार रात को पारिवारिक शादी की रस्म में गये थे। इस दौरान रात को घर में चोरों ने गेट और घर के ताले तोड़कर घर में सोने-चांदी के जेवरात जिनमें गले का हार, मंगल सूत्र, सोने की चेन, कान के झुमके व बाली सहित करीब एक लाख रुपये की नगदी चुरा ली। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। बताया कि आपराधिक प्रवृति के लोगों की धरपकड कर पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कहा कि जल्द आरोपियों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *