गंगोत्री विधायक ने किया केदारघाट पर बने पालिका स्टोर का उद्घाटन
उत्तरकाशी। केदारघाट पर बाड़ाहाट नगर पालिका द्वारा निर्मित स्टोर रूमों का गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने विधिवत रूप से उद्घाटन किया। वहीं नगर के सूखे व गीले कूड़े के लिए तीन वाहन नगर के विभिन्न वार्ड से कूड़े को एकत्रित कर कचरे की समस्या से निजात दिलाएंगे।शनिवार को स्टोर का उद्घाटन करते हुए विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि नगर को स्वच्छ पर्यटक स्थल के रूप में सामने लाने का काम किया जाएगा। उन्होंने पालिका स्टोर के साथ ही वाहनों को हरी झंडी दिखाकर कूड़ा एकत्रीकरण के लिए रवाना किया। कहा कि पालिका द्वारा अतिक्रमण को रोकने, जनता की संपत्ति जनता के उपयोग में आ सके, इस उद्देश्य से केदार घाट के समीप स्टोर का निर्माण किया गया। वहीं पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल ने स्टोर बनाने के पीछे की मुख्य वजह अतिक्रमण व नगरपालिका में खराब सामान के उचित रख रखाव की बात कही। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले स्टोर रूम वाली जमीन 80 लाख में बेचने की अफवा उड़ाई गई थी, जो कि गलत साबित हुई। इस मौके पर सभासद सविता भट्ट, महावीर चौहान, उषा चौहान, देवेंद्र चौहान, गोविंद गुसाईं, देवराज बिष्ट, मनोज शाह आदि कर्मचारी थे।
