दिल्ली से पौड़ी जा रहा व्यक्ति बना जहरखुरानी का शिकार

ऋषिकेश। दिल्ली रूट पर सक्रिय जहरखुरानी गिरोह ने दिल्ली से पौड़ी गढ़वाल अपने गांव जा रहे एक व्यक्ति को नशीली चाय पिलाकर उसके पास से 30 हजार रुपये की नगदी और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित को बेहोशी की हालत में ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। रविवार सुबह चारधाम यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर में अचेत मिले एक व्यक्ति को 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। यहां उपचार के बाद दोपहर में होश आने पर उसने अपनी पहचान दिनेश पंवार (55) पुत्र विशाल सिंह पंवार निवासी जाखणीखाल, पौड़ी गढ़वाल के रूप में करायी। बताया कि वह दिल्ली सीमा से सटे हरियाणा में के एक ढाबे में काम करता है। कई महीनें बाद छुट्टी लेकर किसी काम से गांव आ रहा था। अंतरराज्यीय दिल्ली बस अड्डे से उत्तराखंड रोडवेज डिपो की बस में शनिवार रात को सवार हुआ था। रास्ते में खतौली में बस के एक ढाबे पर रुकने पर एक कप चाय पी, उसके बाद क्या कुछ पता नहीं। होश आने पर खुद को राजकीय चिकित्सालय में पाया। बकौल दिनेश उसके पास बच्चों के कपड़े, 30 हजार रुपये नगद और मोबाइल था। सभी सामान एक बैग में था, जो गायब है। अस्पताल प्रशाासन ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *