ईडी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की निंदा की
ऋषिकेश। गन्ना किसानों ने निर्बाध रूप से चीनी मिल चलाए जाने पर अधिशासी निदेशक को बधाई दी। उन्होंने कुछ किसानों द्वारा ईडी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी को लेकर निंदा की। रविवार को डोईवाला चीनी मिल में गन्ना किसानों ने अधिशाासी निदेशक डीपी सिंह के साथ बैठक की। बैठक में निर्बाध रूप से चीनी मिल चलाए जाने को लेकर अधिशासी निदेशक का अभिवादन किया। अधिशासी निदेशक ने कुछ तथाकथित किसानों द्वारा अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की। इस पर क्षेत्र के गन्ना किसानों ने कहा कि वह किसी भी अपशब्द और अनर्गल बयानबाजी के विरुद्ध है और ऐसे कृत्य की निंदा करते हैं। अधिशासी निदेशक ने कहा कि गन्ना किसानों के भुगतान के लिए शासन से वार्ता की प्रक्रिया जारी है जल्द ही गन्ना किसानों का भुगतान किया जाएगा। मौके पर गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन ईश्वर चंद्र पाल, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह, सहकारी गन्ना विकास समिति डोईवाला के संचालक संजय शर्मा, ताजेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह, मोंटी समेत अनेक किसान मौजूद थे।
