किसानों का केंद्र सरकार के खिलाफ हल्लाबोल, निकाली ट्रैक्टर रैली  

ऋषिकेश। संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है। उन्होंने ट्रैक्टर रैली निकाल केंद्र सरकार पर किसानों के कर्ज माफी सहित अन्य मामलों को लेकर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। डोईवाला में संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाली। गुरुद्वारे से निकली रैली तहसील चौक, चांदमारी व नगर के अन्य स्थानों से होते हुए वापस गुरुद्वारे में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के साथ वादा खिलाफी की गई है। वायदे के बावजूद एमएसपी कानून गारंटी एवं किसानों के कर्ज माफ नहीं किए गए हैं। स्वामी नाथन आयोग की सिफारिश के आधार पर किसानों की सभी फसलों के लिए 50 फीसदी फार्मूले पर एनएसपी की गारंटी का कानून बनाया जाना चाहिए। केंद्र सरकार द्वारा एमएसपी पर गठित समिति और उसका घोषित एजेंडा किसानों द्वारा प्रस्तुत मांगों के विपरीत है। इस समिति को रद्द कर एमएसपी पर सभी फसलों की गारंटी के लिए किसानों के लिए उचित प्रतिनिधित्व के साथ केंद्र सरकार के वायदे के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। एमएसपी पर एक नई समिति का पुनर्गठन किया जाए। इसके अलावा खेती में बढ़ रही लागत से किसानों को फसलों के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे 80 प्रतिशत किसान भारी कर्ज में फंस गए हैं, जो कि आत्महत्या करने को भी मजबूर हैं। ऐसे में किसानों के कर्ज पूरी तरह माफ किए जाएं। वहीं किसानों ने बिजली संशोधन विधेयक 2022 को भी वापस लेने की मांग की। कहा कि लखीमपुर खीरी में 4 किसानों और एक पत्रकार की हत्या के मामले में भी अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। रैली में ताजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह खालसा, दलजीत सिंह, गौरव सिंह, मनोज नोटियाल, उम्मेद बोरा, बलबीर सिंह,जाहिद अंजुम, याकूब अली, गौरव मल्होत्रा, भारत भूषण कौशल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *