नवनियुक्त और स्थानांतरित शिक्षकों का वेतन भुगतान शीघ्र किया जाए- डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी’

लखनऊ

प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 सतीश चन्द्र द्विवेदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतर्जनपदीय शिक्षक स्थानांतरण में एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित शिक्षकों को कई जनपदों में लास्ट पे-सर्टिफिकेट (एलपीसी) न मिलने के कारण स्थानांतरित जनपदों में उनको वेतन नहीं मिल पा रहा है, इसलिए इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि यथाशीघ्र एलपीसी भेजें ताकि जो शिक्षक ट्रांसफर होकर आए हैं उनका वेतन मिलना शुरू हो जाए।
डाॅ0 द्विवेदी ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती में नियुक्त शिक्षकों के प्रमाण पत्रों के सत्यापन में तेजी लायी जाए और सत्यापन का कार्य शीघ्र पूरा करके उनका वेतन निर्गत किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिलों के अंदर शिक्षकों के जो समायोजन/स्थानांतरण की प्रक्रिया है उसकी तैयारी की जाए और आचार संहिता के तुरंत बाद उसे भी पूरा किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा सुश्री रेणुका कुमार, सचिव श्री रणवीर प्रसाद, महानिदेशक स्कूल शिक्षा श्री विजय किरण आनंद, निदेशक डॉ. सर्वेंद्र बहादुर विक्रम सिंह, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद श्री प्रताप सिंह बघेल उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *