चोरी की 13 बाइकों के साथ तीन गिरफ्तार
रुड़की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बाइकों पर सवार पांच लोगों को रोका, तो उनमें से दो भाग गए। बाकी तीन से पूछताछ में पता चला कि वह बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं। उनसे मिली दोनों बाइक भी चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी की 13 और बाइक भी बरामद की हैं। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। इसके खुलासे के लिए पुलिस की टीम बनाई गई थी। बीती रात टीम लक्सर सुल्तानपुर हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। तभी दो बाइक पर पांच युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका, तो दो उतरकर भाग गए, जबकि तीन को पकड़ लिया गया। पुलिस टीम ने जांच की तो दोनों बाइक चोरी की निकली। बाद में पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी की 13 और बाइक भी बरामद की हैं। एसपी देहात ने बताया कि पकड़ी गई 10 बाइक की पहचान हो चुकी है। बाकी गाड़ियों की पूरी डिटेल जिले के सारे थानो में सर्कुलेट कराई गई है। चोर गिरोह के खिलाफ लक्सर, कलियर और पथरी थाने में दस मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार हुए अंकुश सैनी निवासी भगतनपुर कोतवाली लक्सर, गौरव निवासी पथरी और राहुल निवासी राज विहार कॉलोनी सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। फरार हुए रोहित निवासी कोटा मुरादनगर और नवाब निवासी खड़ंजा कुतुबपुर कोतवाली लक्सर की तलाश जारी है।
