लापता नाबालिग चाय के खोखे से बरामद
काशीपुर। चार दिन से लापता नाबालिग को पुलिस ने एक चाय के खोखे से बरामद कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। ग्राम खमरिया निवासी विक्रम सिंह का नाबालिग पुत्र 22 फरवरी की शाम को घर से बिना बताए चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इस पर परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खमरिया से लापता नाबालिग दोराहा रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित एक चाय के खोखे पर काम कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को बरामद कर लिया। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि नाबालिग को बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। कहा नाबालिग से कार्य कराने के आरोप में ढाबा स्वामी का चालान भी किया जाएगा।
