किसानों, व्यापारियों को वेयर हाउस कार्य प्रणाली की जानकारी दी

विकासनगर। सहकारी प्रबंध संस्थान की ओर से बादामावाला में बुधवार को भंडारण विकास एवं विनायमक प्राधिकरण ऐक्ट की जानकारी देने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में 55 किसानों और व्यापारियों ने प्रतिभाग किया। सहकारी प्रबंधन संस्थान के निदेशक अजय रस्तोगी ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य किसानों के लिए विनियामक पर्यावरण के उदारीकरण के बदलते संदर्भ में कृषि उपज और किसानों के सशक्तीकरण में अंतर्राज्यीय व्यापार पर प्रतिबंध को हटाना है। इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की रणनीति के तहत संसाधकों, थोक व्यापारियों, खुदरा विक्रेताओं, निर्यातकों के साथ सीधा जुड़ना शामिल है। उन्होंने किसानों को पैदावार बढ़ाने और उसे सुरक्षित रखने की जानकारी भी मुहैया कराई। इसके साथ ही वेयर हाउस की जानकारी दी। बताया कि वेयर हाउस में होने वाले संभावित नुकसान की भी किसान को भरपाई की जाती है। जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक रोहित रौतेला ने बैंक की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी मुहैया कराई। जबकि भंडारण निगम के योगेंद्र नेगी ने राज्य भंडारण निगम में होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान उपनीश यादव, सुरेंद्र सिंह, दिलवर सिंह, मनोहर सिंह, लक्ष्मण प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *