खेत-बाड़ी में फसल काटते समय पांच मीटर की दूरी रखें किसान
कोरबा,
बाड़ी की सब्जियों की देख-रेख के साथ उनकी तोड़ाई का कार्य जारी है। इसके अलावा रबी की फसलों की कटाई-मिसाई व सुरक्षा कार्य के बाद विपणन के लिए भेजने का कार्य भी आवश्यक है। इन कार्यों के साथ कृषक बंधुओं को कोरोना के संक्रमण से बचने सुरक्षात्मक सावधानियों का भी ध्यान रखने की जरूरत है। कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए वे खुद को, अपने परिवार व साथी कृषकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। इसलिए खेत में फसल काटने एवं खाना खाते समय किसानों को चाहिए कि एक-दूसरे के बीच कम से कम पांच मीटर की दूरी रखें।
कोविड.19 के फैलने के खतरे के बीच ग्रीष्म कालीन सब्जी फसलों की तुड़ाई का कार्य शुरू हो गया है। इसी तरह रबी फसल की कटाई-मिसाई और उत्पाद को सुरक्षित रखने के साथ उसे विपणन के लिए तत्काल ले जाने का कार्य भी टाला नहीं जा सकता। कृषि कार्य समयबद्ध होते हैं, पर किसानों को संक्रमण से बचने के लिए सावधानियों व सुरक्षा उपायों को भी गंभीरता व सजगता से अपनाना होगा। कटघोरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा के कृषि वैज्ञानिकों ने कुछ सामान्य बातें बताई हैं, जिनका ध्यान रखते हुए कृषि कार्य करने से कोरोना वायरस के खतरे को टाला जा सकता है। इन साधारण उपायों में शारीरिक दूरी, हाथों को साबुन से धोकर अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना, चेहरे पर मास्क पहनना, सुरक्षा परिधान, औजारों और मशीनों की सफाई जैसी सतर्कता को आदत बनाना शामिल है। श्रमिकों को कृषि कार्यों की पूरी प्रक्रियाओं के दौरान प्रत्येक कदम पर शारीरिक दूरी और सुरक्षा उपायों को अपनाना चाहिए। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए किसान भाइयों को कृषि कार्य के दौरान ध्यान रखने योग्य मुख्य बातों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डा आर के महोबिया ने कहा कि किसानों को चाहिए कि भीड़ वाली जगह पर, जहां कोरोना का खतरा है, वहां ना जाएं। कृषि कार्य में लगे सभी व्यक्तियों को मास्क का उपयोग करना चाहिए और समुचित अंतराल पर साबुन से हाथ धोना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पहले दिन पहने कपड़े दूसरे दिन काम में न लें। काम में लिए कपड़ों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखाने के पश्चात ही पुन: काम में लें। यदि किसी व्यक्ति को खांसी, जुकाम, बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द आदि के लक्षण हो तो उसे फसल कटाई, तुड़ाई कार्य से अलग रखें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य कर्मी को सूचित करें। यह सभी के लिए बहुत आवश्यक है।
