तेज हवा चलने के साथ आधे घंटे तक हुई बारिश, शहर के कई क्षेत्रों में रही बिजली गुल
कोरबा,
शहर में शाम को तेज हवा चलने के साथ ही करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। सुबह से दोपहर तक आसमान साफ होने के साथ ही तेज धूप पड़ रही थी। लेकिन दोपहर बाद बदली के कारण तापमान सामान्य हो गया। शाम करीब 5.30 बजे तेज हवा चलने लगी और गरज चमक के साथ बारिश होने लगी। बदली छाने व बारिश से शाम 5.30 बजे सड़क पर अंधेरा छा गया था।
बारिश थमने के बाद बदली भी छट गई और आसमान साफ होने से फिर उजाला हो गया था। इधर तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। जिसके कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। सीएसईबी पथर्रीपारा क्षेत्र में एक एक पेड़ बिजली खंभे व तार पर गिर गया था। इससे आसपास की कालोनी में बिजली गुल हो गई थी। यहां डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। शहर के टीपी नगर, शारदा विहार, कोसाबाड़ी, खरमोरा, बालको, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, औद्योगिक क्षेत्र में भी बिजली गुल हो गई थी। बिजली विभाग का मैदानी अमला सुधार कार्य मे जुटा हुआ था। शहर के अधिकांश क्षेत्र में रात 8.30 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
बारिश के बाद मौसम हुआ ठंडा-अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रहा। दिन भर उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रही। लेकिन शाम को तेज हवा चलने के साथ हुई बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया था। जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट आएगी।
