उत्तराखंड में कोरोना के 4496 नए मामले आए सामने, 188 मरीजों की मौत

देहरादून

उत्तराखंड में रविवार को कोविड-19 के 4496 नए मामले आए जबकि गत 24 घंटे में 188 संक्रमितों मौत दर्ज की गई. यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, ताजा मामलों को मिलाकर अब तक प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 2,87,286 हो चुकी है. बुलेटिन के मुताबिक, सर्वाधिक 1248 नए मामले देहरादून जिले में आए जबकि हरिद्वार में 572, टिहरी में 498, उधमसिंह नगर में 393, पौडी में 391, रूद्रप्रयाग में 356 और उत्तरकाशी में 351 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई. बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश में अब तक कुल 4811 कोरोना वायरस संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं. प्रदेश में उपचाराधीन मामलों की संख्या 78,802 हैं जबकि 1,98,530 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं।
वहीं, कल खबर सामने आई थी कि उत्तराखंड में कोरोना के कहर के आंकड़े राज्य को परेशान करने के लिए काफी हैं. जो पिछले एक साल में नहीं हुआ, वो चन्द दिनों के भीतर होता हुआ नजर आ रहा है. राज्य में 9 साल से कम उम्र के करीब 1000 बच्चों को सिर्फ पिछले 10 दिनों के भीतर कोरोना संक्रमण होना पाया गया है, जो कि राज्य की नींद हराम करने के लिए काफी है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह डेटा जारी करते हुए यह भी बताया है कि इनमें से कुछ बचों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती भी करना पड़ा।
जानकारों के हवाले से खबरें आ चुकी हैं कि कोरोना की आगामी तीसरी लहर में बच्चों के लिए खतरा बहुत ज्यादा होगा, लेकिन इससे पहले ही उत्तराखंड में दूसरी लहर बच्चों को किस तरह चपेट में ले रही है, इसका नमूना बताते आंकड़े जारी हुए हैं. इन आंकड़ों पर गौर करते हुए इन्हें चेतावनी समझने की सलाह भी विशेषज्ञ दे रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले एक साल में उत्तराखंड में कुल 2131 बच्चे कोविड 19 की चपेट में आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *