नई रेल सेवा की सौगात मिलने पर हर्ष व्यक्त किया
कोटद्वार। गढ़वाल के रेल यात्रियों को कोटद्वार से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के लिए नई रेल सेवा की सौगात मिलने पर नागरिक मंच के पदाधिकारियों ने राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त करते हुए हर्ष व्यक्त किया है। यहां जारी एक बयान में मंच अध्यक्ष सीपी नैथानी व महासचिव अतुल भट्ट ने कहा कि मंच भी समय-समय पर कोटद्वार से दिल्ली के लिए रात्रि रेल सेवा आरंभ करने की मांग उठाता आया है। इस संबंध में मंच की ओर से रेल मंत्रालय सहित विभागीय उच्च अधिकारियों को पत्र प्रेषित किए गए थे। कहा कि कोटद्वार से दिल्ली के बीच नई रेल सेवा आरंभ होने से आम जनता को राहत मिलेगी।
