ससुराल में जहरीला पदार्थ खाने से दामाद की मौत
रुड़की। लक्सर में अपनी ससुराल आए युवक की देर शाम तबीयत खराब हो गई। ससुरालिए इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। ससुराल वालो के मुताबिक उनका दामाद जहर खाने के बाद ही उनके घर पहुंचा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव उसके परिजनो को सौंप दिया है।
रावली महदूद (हरिद्वार) निवासी देवेंद्र की ससुराल लक्सर के रणजीतपुर रायघटी में है। शुक्रवार को वह अपनी ससुराल में आया था। बताया गया है कि ससुराल पहुंचने के थोड़ी सी देर बाद उसकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई। ससुरालियों ने उसे गांव के एक डॉक्टर को दिखाया। तो डॉक्टर ने जहरीला पदार्थ खाने की बात कही और उसकी हालत गंभीर बताकर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस पर ससुरालिए उसे हरिद्वार जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तब तक देवेंद्र के परिवार के लोग भी रावली महदूद से जिला अस्पताल पहुंच गए थे। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम होने पर शव उसके परिजनो को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर अपने गांव पहुंचे, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। लक्सर कोतवाली की भिक्कमपुर चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि युवक की ससुराल के लोग किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की बात कह रहे हैं। उनके मुताबिक युवक पहले से इसका सेवन करके ही ससुराल पहुंचा था। चौकी प्रभारी का कहना है कि मौत की सही वजह जानने के लिए ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसकी रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।
