पशुओं की नकली कैल्शियम के 18 डिब्बे नष्ट कराए
गजरौला
पशुओं की नकली कैल्शियम के 18 डिब्बों के साथ युवक को पकड़ा गया। पशु चिकित्साधिकारी ने सभी डिब्बे नष्ट करवा दिए और युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया। युवक पर नकली कैल्शियम बेचने का आरोप है। उसे भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष ने कैल्शियम बेचते रंगे हाथों पकड़ा था।
गांवों में पशुओं की नकली कैल्शियम बेचने का एक मामला सोमवार को सामने आया है। भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष गुरुवचन सिद्धू को किसी ने सूचना दी कि गांव में युवक पशुओं की कैल्शियम बेच रहा है। सूचना मिलने पर गुरुवचन सिद्धू गए लेकिन तब तक युवक वहां से जा चुका था। पीछा करके युवक को भानपुर फाटक के निकट पकड़ लिया गया। उसे पकड़कर पशु चिकित्साधिकारी डा.ओमवीर सिंह के पास लाया गया। उन्होंने कैल्शियम चेक की तो वह नकली थी। इस पर पशु चिकित्साधिकारी ने नकली कैल्शियम बेचने वाले युवक को जमकर फटकार लगाई तथा हिदायत देकर छोड़ दिया। पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि युवक से मिले कैल्शियम के 18 डिब्बे नष्ट करवा दिए गए हैं।
