नंदासैंण मेले में होंगे लोक परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम
चमोली
राज्य स्थापना दिवस से शुरू होने वाले चार दिवसीय नंदासैंण पर्यावरण संवर्धन एवं विकास मेले की तैयारियां शुरू हो गई है। रविवार को नंदासैंण में मेला तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही समिति का गठन कर जाख वार्ड के जिला पंचायत सदस्य विनोद नेगी को मेला समिति का अध्यक्ष बनाया गया। वहीं मोहन सिंह भंडारी को कार्यकारी अध्यक्ष और विनोद मालई को सचिव की जिम्मेदारी दी गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा कि मेले में पारंपरिक और स्थानीय संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए लोक परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम किए जाएंगे। साथ ही नंदासैंण क्षेत्र के विकास के लिए मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया जाएगा। वहीं गठित समिति में गोविंद भंडारी, लक्ष्मी रावत, पुष्कर सिंह, भूपेंद्र रावत, भूपेंद्र चौहान, सतेश्वर हिमालय, सुरेंद्र भंडारी और अर्जुन भंडारी को उपाध्यक्ष, सरिता कुंवर और सुभाष नौटियाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, केदार नैथानी कोषाध्यक्ष और हरेंद्र चौधरी को संयोजक बनाया गया। जबकि कल्याण सिंह रावत, अरूण मैठाणी, गोवर्धन कैलखुरा सहित स्थानीय एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को संरक्षक मंडल में रखा गया। बैठक में हर्षवर्धन नौटियाल, द्वारिका प्रसाद, याकूब मियां, पंकज कैलखुरा, अंजना देवली, रतन सिंह रावत, योगेंद्र रावत आदि ने विचार रखे।
