कूड़ा डालने का विरोध करने पर युवक से मारपीट
हरिद्वार । कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की पिटाई कर दी गई। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में आरोपी पड़ोसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामला मोहल्ला पांवधोई का है। कालोनीवासी अरविंद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोसी शिवचरण सिंह, उसका पुत्र सुमित कटारिया आए दिन उसके परिवार के साथ विवाद करते हैं। आरोप है कि रोजाना उसके घर के सामने कूड़ा फेंका जाता है। विरोध करने पर विवाद पर उतर आते हैं। आरोप है कि करवाचौथ की पूजा के बाद उसके साथ गाली गलौच की गई, जिसके बाद पिता-पुत्र ने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर उससे मारपीट की। आसपास के लोगों ने उसे छुड़ाया। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
