छह करोड़ के अनुदान के दुरुपयोग का आरोप
हरिद्वार
शिवालिक नगर निवासी अतुल वशिष्ठ ने नगर पालिक शिवालिक नगर पर शासन स्तर से पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराए गए छह करोड़ के अनुदान के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। अतुल वशिष्ठ ने प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री उत्तराखंड, शहरी विकास मंत्री, प्रमुख सचिव, सचिव शहरी विकास, आयुक्त गढ़वाल, निदेशक शहरी विकास और जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र लिख कर जांच की मांग की है। रविवार को अतुल वशिष्ठ ने आरोप लगाते हुए बताया कि तीन महीने के कार्यों को पूरा करने में संबंधित ठेकेदार ने नौ महीने से ज्यादा का समय लगा दिया है। वर्तमान समय तक कार्य पूरा नहीं हुआ है। आरोप लगाया कि कार्यों का सत्यापन स्थानीय प्रतिनिधियों या सभासदों से नहीं कराया गया है। 3200 सोलर लाइट की खरीद और लाइट को स्थापित करने में बड़ी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया। चार गुना अधिक राशि पर सोलर लाइट की खरीद की गई है। इन सभी और अन्य कई मुद्दों को लेकर जांच की मांग की गई है। नगर पालिका के ईओ सुभाष कुमार का कहना है कि मामले में जांच की गई है। जांच शासन को भेजी जा चुकी है। शासन स्तर से निर्णय लिया जाना है।
