शांतिपुरी में अस्थायी पुल धंसने से यातायात ठप

रुद्रपुर

मुख्य मार्ग पर जवाहरनगर शांतिपुरी नंबर एक के मध्य पाहा नदी पर बना अस्थायी पुल धंसने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। यहां पाहा नदी पर एक माह से नये पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण यहां नदी पर बराबर से एक अस्थाई पुल का निर्माण वाहनों की आवाजाही के लिए किया गया था। अब लोगों को गोल गेट होते हुए करीब सात-आठ किमी अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। पुल का निर्माण सुचारू रूप से करने के लिए शांतिपुरी नंबर 1 डाम से नहर का पानी नंबर दो की तरफ जाने वाली नहर को छोड़ा गया था, लेकिन बुधवार को अचानक किसी ने पानी निर्माणाधीन पुल की तरफ बहने वाली नहर में खोल दिया। पानी के तेज बहाव के कारण अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया और शांतिपुरी का संपर्क दूसरी जगहों से पूरी तरह कट गया है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान शांतिपुरी नंबर एक विमला कैलाश जोशी, भाजयुमो जिला कार्यकारिणी सदस्य विजेंद्र जोशी, हरेंद्र चौहान आदि ने क्षतिग्रस्त पुल के दोनों तरफ सुरक्षा अवरोध लगाकर लोगों से आवाजाही के लिए अन्य दूसरे रूट का इस्तेमाल करने की अपील की है। इस दौरान बुधवार को भैया दूज होने के कारण गांव से बाहर और गांव में आने जाने वाले कई मेहमानों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग दूसरे वैकल्पिक मार्गों का पता लगाकर ही अपने गंतव्य को विलंब से पहुंच पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *