युवक ने फांसी लगाकर जान दी

रुद्रपुर

एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। परिजनों का कहना है कि युवक नशे का आदी था। नशा नहीं मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी निवासी राजू बर्मन (28) पुत्र प्रदीप बर्मन अपने मां-पिता, बड़ी भाभी, छोटे भाई और बहन के साथ रहता था। मंगलवार को राजू रात को घर पहुंचा और परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद सब लोग कमरों में चले गए। बुधवार सुबह परिवार के अन्य लोग उठे, लेकिन काफी देर तक राजू कमरे से बाहर नहीं आया। इस पर उसकी मां ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उसके भाई ने खिड़की से अंदर देखा तो राजू फंदे पर झूल रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामा कृष्णा बर्मन ने बताया कि उसका भांजा नशे का आदी था। आशंका है कि भांजे ने नशा नहीं मिलने पर यह कदम उठाया होगा। राजू की शादी दो साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी करीब एक साल से हैदराबाद में काम कर रही है। घटना की सूचना उसकी पत्नी को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *