चार दिवसीय विमान प्रतिरूप कार्यशाला का शुभारंभ किया
विकासनगर
एकलव्य विद्यालय कालसी देहरादून में चार दिवसीय विमान प्रतिरूप कार्यशाला का शुभारम्भ किया गया। इस कार्यशाला को कॉग्रेड संस्था द्वारा संचालित किया गया। संस्था देशभर के विभिन्न विद्यालयों में समय-समय पर विज्ञान की कार्यशालाओं को संचालित कर छात्रों में नवीन कौशलों का विकास करती है। सर्वप्रथम विद्यालय प्राचार्या सुधा पैन्यूली ने टीम का हार्दिक स्वागत करते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्रों में निश्चित ही अनुसंधान कौशल का विकास कर उन्हें स्वयं से कार्य करने की ओर प्रेरित करती है। इस कार्यशाला में टीम सदस्यों द्वारा प्रथम दो दिवस में विद्यार्थियों को विमान के इतिहास एवं कार्यशैली संबंधी रोचक जानकारी से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने रोचकता से संपूर्ण जानकारी को आत्मसात किया। टीम सदस्यों ने विद्यार्थियों की विषय संबंधी विभिन्न शंका का समाधान किया एवं प्रश्न भी पूछे। उन्होंने बताया कि विमान के कितने प्रकार होते हैं, किस सिद्धांत पर कार्य करता है और इसे बनाने में किस सामान की आवश्यकता है। कार्यशाला में हिमांशु चौरसिया एवं उनकी टीम के नेतृत्व में विमान प्रतिरूप निर्माण कार्य प्रारम्भ किया गया। छात्रों को समूह में विभाजित कर संबंधित प्रयोगात्मक कार्य प्रदान किया गया। इस कार्यशाला के टीम सदस्यों अंकित राजपूत, अफसान अली, निशांत, हितेश परिहार सहित समस्त एकलव्य विद्यालय के छात्र छात्रायें मौजूद रहे।
