विवेकानंद अस्पताल में रात आठ बजे तक चलेगी ओपीडी
चमोली
पीपलकोटी में संचालित विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय में अब रात आठ बजे तक भी लोग ओपीडी का लाभ उठा सकते हैं। अभी तक शाम पांच बजे तक ही चिकित्सालय खुला रहता था। इसके अलावा अस्पताल से मिलने वाली दवाइयों पर भी कोई शुल्क मरीजों से नहीं लिया जाएगा। शनिवार को अस्पताल परिसर में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सालय के डॉ. कपिल त्यागी ने कहा कि जनता की मांग पर ओपीडी का संचालन अब सुबह दस से रात आठ बजे तक किया जाएगा। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड पर 800 रुपये शुल्क लिया जाता था, जो अब 500 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों को जो दवाइयां आधे दाम पर दी जाती थी, उन पर अब शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। इस दौरान निश्चेतक डॉ. राहुल, डा. ललित और फार्मेसिस्ट ताजवीर सती ने पित्त की थैली, पाइल्स, हार्निया सहित नौ ऑपरेशन किए। इस मौके पर चिकित्सालय के पालक अतुल शाह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल, आशीष, सुमन, सरिता, इंदू, दीपा, नीतू आदि मौजूद रहे।
