मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजना ने किया गरीबों का सशक्तीकरण: रेखा आर्य
देहरादून
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को भगवंतपुर ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल प्रसारण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों का सशक्तिकरण और उत्थान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों से संवाद किया। दून जिले की भगवंतपुर ग्राम पंचायत विकासखंड सहसपुर में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिरकत की। वर्चुअल प्रसारण के बाद रेखा आर्य ने कहा कि पीएम मोदी की गारंटी की गाड़ी का उद्देश्य है कि देश में कोई गरीब और जरूरतमंद छूटना नहीं चाहिए। पीएम मोदी का विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने और देशवासियों को जोड़ने का अभियान लगातार विस्तार ले रहा है। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों का सशक्तिकरण और उत्थान कर उनके जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन लाने का काम किया है। आज विकसित भारत यात्रा के जरिये केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही बहुउद्देश्यीय शिविर के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुनने व उनका त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जिस प्रकार का समर्थन विकसित भारत संकल्प यात्रा को मिल रहा है यह प्रधानमंत्री के प्रति जनता का प्रेम और उनके प्रति विश्वास को दिखाता है। इस अवसर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
डीएम ने किया शिविर के स्टॉलों का निरीक्षण
विकासखण्ड सहसपुर के ग्राम भगवंतपुर में जिलाधिकारी सोनिका ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में लगाए विभिन्न विभागीय स्टॉल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पंहुचे इसके लिए शिविर में आने वाले जनमानस से विभिन्न योजनाओं के आवेदन की औपचारिकताएं पूर्ण करवाई जाए। शिविर में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग, मत्स्य, समाजकल्याण, सहकारिता, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, ग्राम्य विकास अभिकरण, डेरी, स्वास्थ्य, आयुष, बाल विकास,कृषि, महिला कल्याण, पंजाब नेशनल आदि विभागों के स्टॉलों पर जनमानस को योजनाओं से लभान्वित किया गया। शिविर में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी लतिका सिंह, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ मीनाक्षी जोशी, खण्ड विकास अधिकारी सहसपुर सोनम गुप्ता, ग्राम प्रधान भगवंतपुर सुरेन्द्र कोठारी सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
