वन मंत्री से लगाई मार्ग सुधारीकरण की गुहार

विकासनगर

विकासखंड अंतर्गत बामनवाला मार्ग बदहाल होने से ग्रामीण परेशान हैं। वन विभाग के अधीन मार्ग की लंबे समय से मरम्मत न होने से ग्रामीणों को दिक्कतों भरा सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन मंत्री के नाम पत्र प्रेषित कर मार्ग सुधारीकरण की गुहार लगाई है। प्रेषित पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की बदहाल हालत के चलते ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कदम-कदम पर बने गड्ढों के कारण ग्रामीणों को हमेशा चोटिल होने का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में मार्ग से आवागमन करना खतरे से खाली नहीं होता। बताया कि बरसात शुरू हो चुकी है। ऐसे में यदि, मार्ग की मरम्मत न हुई, तो ग्रामीणों को इस बार भी खासी दिक्कतें उठानी पड़ेंगी। पत्र भेजने वालों में मेहर सिंह, विजय सिंह, लायक राम, महेन्द्र, राहुल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *