ज्वालापुर में छापेमारी कर पकड़ा अवैध पशु कटान
हरिद्वार। नगर निगम की टीम ने ज्वालापुर में छापेमारी कर पशु का अवैध कटान पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। छापेमारी की कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप मचा रहा। शनिवार सुबह करीब पांच बजे नगर आयुक्त जय भारत सिंह को किसी ने सूचना दी कि ज्वालापुर के कस्साबान में पशु का अवैध रूप से कटान किया जा रहा है। इसके तुरंत बाद नगर आयुक्त ने टीम को मौके पर भेजा। टीम ने मौके पर अवैध कटान होता पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने पशु के अवशेषों को कब्जे में लेकर डिस्पोज किया। इसके साथ ही ज्वालापुर कोतवाली में कटान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध रूप से कटान नहीं होने दिया जाएगा। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उधर, ज्वालापुर कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि तहरीर मिली है। आगे की कार्रवाई चल रही है।
